एडवोकेट पॉलोमी पाविनी शुक्ला का नाम Cosmopolitan की Disruptors सूची में शामिल
- Kanoon Live
विख्यात पत्रिका "कॉस्मोपॉलिटन" ने अपनी 25वीं वर्षगांठ पर प्रकाशित विशेष संस्करण में ऐसे व्यक्तियों की सूची जारी की है जिन्होंने निडरता, साहस व लगन से विशिष्ट योगदान देते हुए अपने क्षेत्र में वृहद बदलाव लाए हैं। इस सूची में लखनऊ की पॉलोमी पाविनी शुक्ला भी शामिल की गई हैं।
पॉलोमी पाविनी शुक्ला को लम्बे अरसे से अनाथ बच्चों को समान अधिकार दिलवाने और उनके हितों की रक्षा करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दायर करने पर यह सम्मान मिला है। अनाथ बच्चों पर उनकी लिखी *पुस्तक "पृथ्वी के सर्वाधिक निःशक्त - भारत के अनाथ"* तथा उनके परिश्रम द्वारा कई राज्यों में अनाथ बच्चों हेतु नीतिगत बदलाव आए हैं, जिनमें अनाथ बच्चों के लिए आरक्षण, बजट वृद्धि आदि सम्मिलित हैं।
इस सूची में कई विख्यात व्यक्ति सम्मिलित किए गए हैं, जैसे भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज, अंतरिक्ष में जाने वाली भारतीय मूल की दूसरी महिला सिरीशा बांदला, अभिनेत्रियां नीना गुप्ता एवं तानिया माणिकतला, अमिताभ बच्चन की पोती नव्या नवेली नंदा, गायक अमाल मलिक, फीडिंग इंडिया अभियान के जनक अंकित कवत्रा, लेखिका सीमा आनंद, भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल आदि।
ग़ौरतलब है कि पॉलोमी पाविनी शुक्ला द्वारा अनाथ बच्चों के लिए किए जा रहे कार्यों को पूर्व में भी कई बार सराहा गया है। हाल ही में विख्यात अंतर्राष्ट्रीय पत्रिका “फोर्ब्स" ने भी अपनी 30 Under 30 सूची में उन्हें सम्मिलित किया था। यह सूची 30 ऐसे व्यक्तियों की है जो 30 वर्ष से कम आयु के हैं तथा जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में अद्वितीय योगदान दिया है। इसके साथ ही उन्हें “फेमिना" पत्रिका ने भी वर्ष 2021 की Fab 40 सूची में शामिल किया था। देशभर की 40 महिलाओं की इस सूची में अन्य विख्यात महिलाएं भी शामिल की गई थीं, जैसे टोक्यो ओलंपिक्स में देश को गौरान्वित करने वाली रानी रामपाल व मीराबाई चानू, सुप्रीम कोर्ट में हाल ही में नियुक्त हुई चार न्यायमूर्ति, इसरो के मंगलयान मिशन की महिला वैज्ञानिक आदि।