सुप्रीम कोर्ट में पांच नए जजों ने शपथ ली, पहली बार जजों की संख्या बढ़कर 37 हुई
- श्वेता रंजन
चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने सुप्रीम कोर्ट में पांच नए जजों को शपथ दिलाई। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या बढ़कर 37 हो गई है और अब केवल एक पद रिक्त है। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट में वरिष्ठ वकील वेंकिता सुब्रमणि मोहना सुप्रीम कोर्ट बार से सीधे सुप्रीम कोर्ट की जज बनने वाली देश की दूसरी महिला हैं।
सुप्रीम कोर्ट में नए जजों में वरिष्ठ वकील वेंकिता सुब्रमणि मोहना के अलावा बॉम्बे हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस श्री चंद्रशेखर, पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस शील नागू, मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव सचदेवा और जम्मू-कश्मीर व लद्दाख हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अरुण पल्ली शामिल हैं।
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 27 मई को इन नामों की सिफारिश की थी, जिसे सरकार ने चार दिनों में हरी झंडी दे दी।
पिछले महीने सरकार ने एक अध्यादेश के जरिए सुप्रीम कोर्ट में जजों की स्वीकृत संख्या 34 से बढ़ाकर 38 कर दी थी। इसमें मुख्य न्यायाधीश का पद भी शामिल है। संख्या बढ़ने और पहले से खाली पदों को मिलाकर कुल छह पद खाली थे। पांच नई नियुक्तियों के बाद अब केवल एक पद रिक्त है। हालांकि, जून के महीने में दो जज रिटायर होने वाले हैं। जस्टिस पंकज मिथल 16 जून को और जस्टिस जे के माहेश्वरी 28 जून को रिटायर होंगे।
शपथ ग्रहण समारोह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा सर्वोच्च न्यायालय (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन अध्यादेश, 2026 को लागू करने के कुछ सप्ताह बाद हो रहा है, जिसके तहत मुख्य न्यायाधीश सहित सर्वोच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की स्वीकृत संख्या 34 से बढ़ाकर 38 कर दी गई है।

